Ayodhya Tragedy: सुहागरात को ही नवविवाहित जोड़े की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी
अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में कैंट थाना क्षेत्र के सहादतगंज मुरावन टोला में नवविवाहित जोड़े की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दूल्हे का शव फंदे से लटका मिला, जबकि दुल्हन मृत अवस्था में बिस्तर पर पड़ी थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक आशंका जताई जा रही है कि दूल्हे ने पहले दुल्हन की हत्या की और फिर आत्महत्या कर ली।
शादी के बाद लौटी थी बारात, सुबह सामने आई घटना
मुरावन टोला निवासी प्रदीप कुमार (24) की शादी खंडासा थाना क्षेत्र के डीली सरैया निवासी शिवानी (22) से 7 मार्च को हुई थी। शनिवार को बारात लौटने के बाद रविवार को प्रीतिभोज आयोजित होना था। रात 10 बजे दूल्हा-दुल्हन अपने कमरे में गए, लेकिन सुबह सात बजे तक बाहर नहीं आए। जब परिवार ने दरवाजा खटखटाया और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो खिड़की तोड़ी गई। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए।
कमरा अंदर से था बंद, पुलिस जुटा रही सुराग
कमरे के अंदर दुल्हन बिस्तर पर मृत अवस्था में थी, जबकि दूल्हे का शव गमछे के सहारे फंदे से लटका हुआ था। एसएसपी राजकरन नय्यर ने बताया कि कमरा अंदर से बंद था, जिससे किसी बाहरी व्यक्ति के शामिल होने की संभावना नहीं है। पुलिस ने फील्ड यूनिट के साथ मौके से साक्ष्य एकत्रित किए हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा
सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुल्हन की मौत गला दबाने से और दूल्हे की मौत फांसी लगाने से होने की पुष्टि हुई है। दोनों परिवारों ने किसी तरह की आशंका व्यक्त नहीं की है।
फोन से मिल सकते हैं अहम सुराग
पुलिस ने दूल्हे का मोबाइल जब्त कर लिया है, जबकि दुल्हन का फोन नहीं मिला। माना जा रहा है कि प्रदीप ने रात में किसी को संदेश भेजा था। पुलिस दुल्हन के पिता से उसका पुराना मोबाइल नंबर भी मांग रही है, ताकि मामले की गहराई से जांच की जा सके।
घटना से इलाके में शोक की लहर
इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार सुबह खबर फैलते ही राजनीतिक हस्तियों सहित बड़ी संख्या में लोग घर पर सांत्वना देने पहुंचे। सांसद अवधेश प्रसाद ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया।