मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला, 34 जिलों में बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में मौसम का रुख तेजी से बदल रहा है। कड़ाके की ठंड के बाद अब राहत के कुछ दिन देखने को मिल सकते हैं। 11 और 12 जनवरी को ग्वालियर और जबलपुर सहित 34 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही, नर्मदापुरम, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, हरदा, बैतूल और बुरहानपुर में शनिवार को ओले गिरने की संभावना है। शनिवार सुबह से कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने 13 जनवरी से ठंड के तीसरे दौर की शुरुआत की संभावना जताई है, जिसमें 20 से 22 दिन तक शीतलहर का असर रहेगा।
क्या है मौसम में बदलाव का कारण?
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक वेद प्रकाश के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के चलते राज्य में बारिश और ओले गिरने की संभावना है। इसके कारण दिन और रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन सिस्टम के गुजरने के बाद ठंड का प्रकोप फिर बढ़ जाएगा। 13 जनवरी से पारा तेजी से गिरने की संभावना है।
बीते कुछ दिनों में बर्फीली हवाओं के कारण प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही थी। लगातार चार रातों से तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। हालांकि, यह ठंडक शनिवार से थोड़ी कम हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और लद्दाख में बर्फ पिघलने के चलते ठंड का असर तेज होगा। इसके साथ ही, हवा की रफ्तार बढ़ने की संभावना है। शुक्रवार को जेट स्ट्रीम की गति 250 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई थी।