AAP के वोटर्स का नाम हटवा रही भाजपा, केजरीवाल ने चुनाव आयोग से की कार्रवाई की मांग

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक प्रेस कांफ्रेंस में भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। केजरीवाल का कहना है कि भाजपा गुपचुप तरीके से वोट कटवाने की प्रक्रिया चला रही है। उन्होंने शाहदरा विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि पिछले एक महीने में भाजपा ने 11,018 वोट काटने की एप्लीकेशन दी है। इसके अलावा, छोटे-छोटे 500-1000 वोट कटवाने की भी एप्लीकेशन लगातार दी जा रही हैं।
केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने अपने लेटरहेड पर ये आवेदन दिए हैं, जिनमें यह कहा गया है कि ये वोटर या तो कहीं और चले गए हैं या उनकी मौत हो गई है। उन्होंने 500 वोटों की लिस्ट को रैंडम तरीके से चेक किया, और पाया कि इनमें से 372 वोटर वहीं अपने पुराने पते पर रह रहे थे। इसका मतलब यह है कि 75% लिस्ट में गड़बड़ी थी। इसके बाद, केजरीवाल ने यह भी खुलासा किया कि इनमें से अधिकांश वोटर आम आदमी पार्टी (आप) के वोटर थे, जो भाजपा के खिलाफ थे।
पूर्व सीएम ने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि जिन वोटरों को हटाने की एप्लीकेशन दी जाती है, उनकी लिस्ट को चुनाव आयोग की वेबसाइट पर डालना होता है, लेकिन वहां कुछ नहीं था। केवल 487 एप्लीकेशन दिखाई दे रही थीं, जिन पर चुनाव आयोग ने कार्रवाई की थी। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा की एप्लीकेशनों पर चोरी-छिपे काम कर रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली के अन्य विधानसभा क्षेत्रों जैसे जनकपुरी, संगम विहार और आरके पुरम में भी भाजपा ने बड़ी संख्या में वोटर को हटाने की एप्लीकेशन दी है।