Himachal Cabinet Meeting:आज सुक्खू कैबिनेट की अहम बैठक, होम स्टे नीति और वन मित्र भर्ती पर लिया जा सकता है फैसला

hamacal-kabnata-mataga_bb8e2e132074085bf3f20a54a5fd3a0d

Himachal Cabinet Meeting: लंबे समय से वन मित्र भर्ती का मामला अटका हुआ है। अब सरकार ने उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद 10 अंक की शर्त को हटाने का मन बना लिया है। मंगलवार दोपहर 12 बजे शिमला स्थित राज्य सचिवालय में होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक (Cabinet Meeting) के लिए 21 एजेंडा आइटम कैबिनेट शाखा के पास पहुंच गए हैं। सुक्खू सरकार की मंत्रिमंडल बैठक में कई विभागों के पदों की रिक्तियां भरने पर भी निर्णय हो सकता है।

मंत्रिमंडल बैठक में इन मुद्दों पर हो सकता है फैसला

एजेंडा में कई महत्वपूर्ण विषय हैं, जिसमें होम स्टे नीति भी है। इसमें होम स्टे संचालकों को नि:शुल्क बिजली-पानी के दायरे से बाहर करने के साथ उन्हें कमरों के किराये तय करने की छूट मिल सकती है। वन मित्र भर्ती के नियम भी तय हो सकते हैं।

प्रदेश के पांच ग्रीन कोरिडोर पर 41 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन से लेकर कई तरह की सुविधाओं को स्वीकृति मिल सकती है। पशु पालन विभाग में अनुबंध पर सेवाएं दे रहे 280 कर्मियों को वन टाइम छूट देने का प्रस्ताव मंत्रिमंडल के सामने आ सकता है। इसके अतिरिक्त विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने की स्वीकृति दी जा सकती है।

कॉलेज प्रवक्ताओं को मिल सकता है ये तोहफा

सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhvinder Singh Sukhu) सरकार की मंत्रिमंडल बैठक में स्कूल शिक्षकों की तरह कॉलेज के प्रवक्ताओं को भी राज्यस्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हो सकती है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने इसकी फाइल सरकार की मंजूरी के लिए भेजी है।

प्रियंका के नामांकन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे CM सुक्खू

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के नामांकन में वायनाड में मौजूद रहेंगे। प्रियंका गांधी 23 अक्टूबर को वायनाड लोकसभा सीट से नामांकन भरेगी। मुख्यमंत्री कार्यालय से सुक्खू के दिल्ली और वायनाड जाने का टूअर प्रोग्राम जारी हो गया है।

मुख्यमंत्री 24 अक्टूबर को भी दिल्ली में ही रहेंगे। इससे आगे का प्रोग्राम बाद में जारी किया जाएगा। कयास हैं कि मुख्यमंत्री 24 या 25 अक्टूबर को शिमला लौट सकते हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी टुअर प्रोग्राम के तहत मुख्यमंत्री मंगलवार को दोपहर बाद साढ़े तीन बजे शिमला से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। 24 अक्टूबर को मुख्यमंत्री दिल्ली में अधिकारियों के साथ बैठकों में शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्रियों से भी मुख्यमंत्री मिल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों