“हरियाणा चुनाव: क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने भिवानी में कांग्रेस प्रत्याशी के लिए मांगा वोट”
हरियाणा की तोशाम विधानसभा सीट पर भाई -बहन के बीच चुनावी जंग दिलचस्प हो गई है। तोशाम विधानसभा की लड़ाई भाजपा बनाम कांग्रेस के कहीं अधिक श्रुति चौधरी और अनिरुद्ध चौधरी के बीच दादा बंसी लाल की विरासत को लेकर है। दोनों प्रत्याशी तोशाम फतह के साम-दाम-दंड-भेद का उपयोग कर रहे हैं। इस बीच कांग्रेस प्रत्याशी अनिरुद्ध चौधरी ने बड़े सेलेब्रेटी को अपनी जनसभा में उतार कर तोशाम की हवा बदलने की कोशिश की।
दरअसल आज तोशाम में पूर्व स्टार क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने अनिरुद्ध चौधरी की चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने चौधरी के लिए वोट मांगा। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि चौधरी साहब को आप लोग चंडीगढ़ जीताकर जरूर भेजोगे। इस वीडियो क्लिप को कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर शेयर किया है।
बता दें कि इससे पहले तोशाम विधानसभा से श्रुति चौधरी की मां किरण चौधरी चुनाव लड़ती थीं। फिलहाल वह इस समय राज्यसभा सांसद हैं। इस क्षेत्र में किरण का होल्ड माना जाता है। इसलिए यहां से श्रुति मजबूत मानी जा रहीं थी। हालांकि राजनीतिक जानकारों के मुताबिक हरियाणा में सियासी हवा प्रो कांग्रेसी चल रही है। इसके बाद भी अनिरुद्ध की सीट फंसी हुई मानी जा रही थी। वहीं अब वीरेंद्र सहवाग की अपील के बाद अब तोशाम का चुनाव और दिलचस्प हो गया है।
गौरतलब है कि वीरेंद्र सहवाग ने किसी भी पार्टी की सदस्यता नहीं ली है। अनिरुद्ध चौधरी बीसीसीआई के प्रशासक के तौर पर काम कर चुके हैं। वीरेंद्र सहवाग और अनिरुद्ध में मित्रता है। इसलिए वीरू उनके समर्थन में प्रचार करने आए थे।