Mahakumbh: आचार्य लक्ष्मी नारायण के निष्कासन पर भड़का अखाड़ा परिषद, अजय दास के अधिकार पर उठाए सवाल

किन्नर अखाड़े से महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी और ममता कुलकर्णी के निष्कासन पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने नाराजगी जताई है। परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी बोले, मैं पूछना चाहता हूं कि आचार्य लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी को निकालने वाले वह (ऋषि अजय दास) कौन हैं।
सभी 13 अखाड़ों ने लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी का समर्थन किया है। जूना अखाड़े ने अपने साथ स्नान करने का आश्वासन दिया था और जूना अखाड़ा उन्हें अपने साथ स्नान कराता है।
महंत रवींद्र पुरी ने कहा, ‘मैं कहना चाहता हूं लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी जूना अखाड़े के हिस्सा है। जिन्होंने (ऋषि अजय दास) पत्र जारी करके लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी को हटाने की बात कही है मैंने उनका पहली बार नाम सुना है। वह किन्नर अखाड़े का संस्थापक बनना चाहते हैं। हम सभी अखाड़े लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी के साथ हैं। हम सभी उन्हें ही जानते हैं और उनके साथ जो सदस्य है हम उनको जानते हैं।
उन्होंने (आचार्य लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी) जितने भी साधु-संत बनाए हैं वह सभी संन्यासी है। जहां तक मुंडन की बात है तो जितने भी किन्नर अखाड़े के सदस्य है सबने मुंडन करवाया है और गले में माला धारण करते हैं। इनके साथ ऐसा करना अत्याचार है। हमको सबको लेकर चलना है। हमें जाति से ऊपर उठकर काम करना है। हम संन्यासी अगर साथ नहीं देंगे तो किन्नर समाज कहां जाएंगे। यह लोग हमारे हैं।’