गूलरभोज निकाय चुनाव: निर्दलीय सतीश चुघ बने अध्यक्ष, भाजपा-कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर
लरभोज नगर पंचायत चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार सतीश चुघ ने बड़ी जीत हासिल की है। भाजपा से टिकट न मिलने पर बागी हुए सतीश चुघ ने न सिर्फ अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया, बल्कि सात में से पांच वार्डों में अपने समर्थक सभासदों को भी जीत दिलाई। वहीं, भाजपा और कांग्रेस दूसरे और तीसरे स्थान के लिए संघर्ष करते नजर आए।
भाजपा के पूर्व सभासद और मंडल महामंत्री सतीश चुघ अध्यक्ष पद के लिए मजबूत दावेदार माने जा रहे थे। शुरुआत में यह सीट ओबीसी महिला के लिए आरक्षित हो गई थी, लेकिन आपत्तियों के बाद इसे सामान्य कर दिया गया। टिकट को लेकर भाजपा में गुटबाजी शुरू हो गई थी। जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा गुट से सतीश चुघ को समर्थन था, जबकि विधायक अरविंद पांडेय का समर्थन संजीव भटेजा को मिला। अंततः टिकट संजीव भटेजा को दिया गया, जिससे नाराज होकर सतीश चुघ ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया।
चुनाव में उन्होंने भाजपा के तीन पूर्व सभासदों का साथ लेकर सभी सात वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार उतारे। परिणाम चौंकाने वाले रहे, जिसमें न केवल उन्होंने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की, बल्कि अपने पांच समर्थक सभासदों को भी विजयी बनाया।
जनता के विश्वास की जीत
सतीश चुघ को जनता के विकास कार्यों का सीधा लाभ मिला। वृद्धा पेंशन, विकलांग पेंशन, जलापूर्ति जैसी योजनाओं में उनकी सक्रियता ने उन्हें जनता के करीब रखा। स्थानीय लोगों का मानना है कि सतीश ने हमेशा जनकल्याण को प्राथमिकता दी, जिसका परिणाम उन्हें इस चुनाव में मिला।