यूपी में कोहरे का कहर, फ्लाइट्स में देरी से यात्रियों की परेशानी बढ़ी

उत्तर प्रदेश में सर्दियों का मौसम शुरू होते ही कोहरे ने दस्तक दे दी है, जिससे यातायात सेवाओं पर असर पड़ने लगा है। लखनऊ एयरपोर्ट के आसपास शुक्रवार सुबह घना कोहरा छा जाने के कारण दृश्यता 50 मीटर तक सीमित हो गई, जिससे फ्लाइट संचालन में बाधा उत्पन्न हुई। कम दृश्यता के कारण लखनऊ से उड़ान भरने वाली कई फ्लाइट्स को विलंब का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार सुबह 7:25 बजे नागपुर के लिए इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E7462 अपने निर्धारित समय से ढाई घंटे देरी से उड़ान भरने की संभावना है। इसी प्रकार मस्कट के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX149 सुबह 7:30 के बजाय 9:00 बजे रवाना होने की उम्मीद है।
इंदौर के लिए सुबह 8:15 पर उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E7439 अब 9:10 पर रवाना होगी, जबकि दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI412 सुबह 8:55 के स्थान पर 10:40 पर उड़ान भरेगी। इसी तरह हैदराबाद जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX2816, अपने निर्धारित समय 9:00 बजे से ढाई घंटे बाद 11:25 पर उड़ान भरेगी। जेद्दा जाने वाली सऊदी अरब एयरलाइंस की फ्लाइट SV891, जो दोपहर 12:10 पर उड़ान भरने वाली थी, अब शाम 5:00 बजे उड़ान भरेगी।
इसके अलावा, मुंबई से लखनऊ आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E5264 भी एक घंटे 17 मिनट की देरी से लखनऊ पहुंची। हैदराबाद से आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX2815 सुबह 8:10 के स्थान पर 9:06 बजे पहुंची।