
मां और शिशु के स्वास्थ्य पर बड़ा संदेश: पनियरा में स्तनपान सप्ताह के समापन पर गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित
(लालजी यादव)
पनियारा/महराजगंज। बाल विकास परियोजना पनियरा के अंतर्गत विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर 1 अगस्त से 7 अगस्त तक चल रहे जागरूकता अभियान के समापन पर शुक्रवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीडीपीओ नीना गुप्ता ने की।
इस दौरान गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व और नवजात शिशुओं के लिए जन्म के तुरंत बाद स्तनपान के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि शिशु के जीवन के पहले छह माह तक केवल मां का दूध ही सबसे सुरक्षित और संपूर्ण आहार है।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी, समस्त मुख्य सेविकाएं तथा बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां मौजूद रहीं। अधिकारियों ने कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए जन-जागरूकता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बाल विकास विभाग ने माताओं से अपील की कि वे नवजात शिशुओं को जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान कराएं और पहले छह माह तक केवल मां का दूध ही दें, ताकि स्वस्थ और कुपोषण मुक्त पीढ़ी का निर्माण हो सके।
