बीएड प्रवेश परीक्षा में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएम

IMG-20260529-WA0700

बीएड प्रवेश परीक्षा में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई : डीएम
महराजगंज, 29 मई 2026। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा–2026 को जनपद में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में परीक्षा व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। डीएम ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि परीक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई तय होगी।
जिलाधिकारी ने परीक्षा कार्य में लगाए गए सभी अधिकारियों और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिया कि वे परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं की गहन जांच करें। यदि किसी भी केंद्र पर कोई कमी मिले तो उसे तत्काल दूर कराया जाए, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, मेडिकल टीम की मौजूदगी तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
डीएम ने परीक्षार्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिया कि सभी केंद्रों पर प्रवेश द्वार के पास ही क्लॉक रूम बनाया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को सामान रखने में परेशानी न हो। परीक्षा कक्षों में दीवार घड़ी लगाने और परीक्षा केंद्रों के आसपास की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने के भी निर्देश दिए गए।
बताया गया कि बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 31 मई 2026 को दो पालियों में आयोजित होगी। जनपद में कुल 2221 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिनके लिए 06 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, डिप्टी कलेक्टर विजय यादव, प्रेम शंकर पांडेय तथा जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed