नेपाल भेजने की साजिश नाकाम, 700 लीटर अवैध डीजल पर प्रशासन का छापा

0
1780064717179

नेपाल भेजने की साजिश नाकाम, 700 लीटर अवैध डीजल पर प्रशासन का छापा

आनंद पब्लिक, महराजगंज
निचलौल। पेट्रोल-डीजल संकट के बीच कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को ग्राम बढ़ईपुरवां में छापेमारी कर करीब 700 लीटर अवैध डीजल बरामद किया। कार्रवाई के दौरान मौके पर हड़कंप मच गया। प्रशासन को आशंका है कि डीजल को नेपाल भेजने की तैयारी की जा रही थी।
एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में डीजल का अवैध भंडारण कर उसे नेपाल तस्करी के लिए भेजने की फिराक में है। सूचना मिलते ही एसडीएम ने सीओ अनिरुद्ध कुमार, पूर्ति निरीक्षक इंद्रभान सिंह पटेल और एसओ अंकित सिंह के साथ मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान गैलन और ड्रम में बड़ी मात्रा में डीजल भंडारित मिला। टीम ने करीब 700 लीटर डीजल को तत्काल सीज कर पूर्ति विभाग के सुपुर्द कर दिया। एसडीएम ने बताया कि मामले की विस्तृत रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसी दिन प्रशासन ने करमहिया चौराहे पर भी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बेचा जा रहा लगभग 50 लीटर पेट्रोल बरामद किया। हालांकि टीम को देखते ही पेट्रोल बेचने वाले मौके से फरार हो गए। बरामद पेट्रोल को भी सीज कर पूर्ति निरीक्षक को सौंप दिया गया है।
लगातार हो रही छापेमारी से अवैध तेल कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि प्रशासन ने साफ संकेत दे दिए हैं कि कालाबाजारी और तस्करी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *