कानपुर में रिवर फ्रंट का निर्माण होगा ऐतिहासिक, गंगा-गोमती के पानी को मिलेगा नया जीवन

कानपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान शहर के विकास और सरकार की नीतियों पर जमकर बयान दिए। उन्होंने वादा किया कि यदि उनकी सरकार बनती है, तो मां गंगा और गोमती नदियों की सफाई की जाएगी, और शहर में सुंदर रिवर फ्रंट बनाए जाएंगे। इसके अलावा, उन्होंने महानगर के कारोबार को विकसित करने के लिए बिजली व्यवस्था में सुधार और ट्रांसपोर्ट की सुगमता पर जोर दिया।अखिलेश यादव ने सीसामऊ उपचुनाव में पार्टी की जीत को लोकतंत्र की जीत बताया और वहां की जनता, कार्यकर्ताओं और पार्टी नेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए मतदाताओं ने कड़ी चुनौतियों का सामना किया। सीसामऊ उपचुनाव में प्रशासन और पुलिस ने पूरी ताकत झोंकी थी, लेकिन इसके बावजूद भाजपा की हार हुई, जो कि लोकतंत्र की जीत थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने मतदाताओं को डराने-धमकाने के लिए नंगी रिवॉल्वर का इस्तेमाल किया और प्रशासन को अपने नियंत्रण में किया।
अखिलेश यादव ने कानपुर शहर की स्थिति पर तंज कसा और कहा कि शहर की सड़कों पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। लखनऊ से कानपुर आने वाले हाईवे की खराब स्थिति का भी उन्होंने जिक्र किया और कहा कि सड़कें धूल से भरी हुई हैं। उन्होंने पनकी पावर स्टेशन के समय पर न बनने को लेकर भी आलोचना की, जिससे शहर को सस्ती बिजली मिल सकती थी। मेट्रो को समाजवादी पार्टी की देन बताते हुए कहा कि इस सरकार ने उससे आगे कुछ भी नहीं किया।उन्होंने व्यापारियों से जुड़े मुद्दे पर भी बात की और कहा कि पानमसाला फैक्ट्रियों के व्यापारियों ने समाजवादियों के साथ अन्याय किया और भाजपा को बड़े पैकेट दिए, जिसके परिणामस्वरूप आज शहर में समस्याएं खड़ी हैं। उन्होंने दावा किया कि सपा ने हमेशा कारोबारियों की मदद की है और भविष्य में भी ऐसा ही करेंगे।अखिलेश यादव ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार पर भी बयान दिया। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की और कहा कि हिंदुओं के खिलाफ हो रहे अन्याय पर संसद का घेराव किया जाना चाहिए, बजाय इसके कि लोग प्रदर्शन करें।अखिलेश ने अंत में कहा कि 2027 में जब उनकी सरकार बनेगी, तो कानपुर को लखनऊ से भी अधिक सुंदर और विकसित बनाया जाएगा।