बिहार में सड़क नेटवर्क में होगा बड़ा विस्तार, 2,000 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण

बिहार सरकार के मंत्री और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी अशोक चौधरी ने बिहार में बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा कि बिहार में अगले कुछ वर्षों में 2000 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा, अगले साल जून से पहले 45 पुलों के निर्माण का भी दावा किया गया है। अशोक चौधरी ने यह घोषणा रविवार को औरंगाबाद नगर भवन में आयोजित जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में की। इस सम्मेलन का उद्देश्य बिहार सरकार की उपलब्धियों को कार्यकर्ताओं तक पहुंचाना और उनके उत्साहवर्धन के लिए था।मंत्री अशोक चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के विकास की विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बिहार के सभी ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में सड़कों का जाल बिछाकर विकास की एक नई मिसाल पेश की है। मंत्री ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार की यह विशेष योजना है कि राज्य के किसी भी सुदूरवर्ती इलाके से राजधानी पटना तक लोग अधिकतम पांच घंटे में पहुंच सकें। इसके लिए 2000 किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जो राज्य के दूरदराज के क्षेत्रों को राजधानी से जोड़ने में मदद करेगा। इसके साथ ही, 45 पुलों का निर्माण आगामी जून तक पूरा कर लिया जाएगा, जिससे 500 किलोमीटर से अधिक सड़कों की संपर्कता और सुलभ हो जाएगी।
अशोक चौधरी ने कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे मुख्यमंत्री के विकास कार्यों के प्रतिनिधि के रूप में काम करें। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पार्टी के हर कार्यकर्ता का महत्व है और उन्हें गर्व है कि वे ऐसे नेता के नेतृत्व में काम कर रहे हैं, जिन्होंने बिहार के विकास को प्राथमिकता दी है।वहीं, बिहार के पूर्व मंत्री और विधान परिषद सदस्य भगवान सिंह कुशवाहा ने आगामी 2025 के विधानसभा चुनाव के संदर्भ में कार्यकर्ताओं को तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनाव में 225 सीटों का आंकड़ा पार करना है। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को नीतीश कुमार के नेतृत्व में काम करने की जरूरत है ताकि पार्टी और राज्य दोनों का विकास निरंतर जारी रहे।मंत्री सुमित कुमार सिंह ने भी आगामी चुनावों में नीतीश कुमार को फिर से मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार विकास की ओर बढ़ रहा है और पार्टी जदयू भी मजबूत हो रही है।