तीन दिन के लिए आगरा के रास्ते डायवर्ट रहेंगे, यमुना किनारा मार्ग से बचें, जानें कौन से रूट बदलेंगे।

दुर्गा पूजा और दहशरा पर जुलूसों के आयोजन को देखते हुए तीन दिन तक आगरा में यमुना किनारा मार्ग पर वाहन नहीं जा सकेंगे। विसर्जन के दौरान लगने वाले जाम को देखते हुए 10 व 11 अक्तूबर की सुबह छह बजे से प्रतिमा विसर्जन की समाप्ति तक यमुना किनारे आने वाले वाहनों के लिए मार्ग परिवर्तन किया गया है। एसीपी यातायात सैयद अरीब अहमद ने बताया कि 12 अक्टूबर को विजयदशमी पर भी यमुना किनारा मार्ग पर यह व्यवस्था प्रभावी रहेगी। शोभायात्रा जुलूस और प्रतिमाओं का विसर्जन विभिन्न घाटों पर होता है। एमजी रोड स्थित शो रूम में आने वाले खरीदारों के वाहन भी जाम का सबब बनते हैं।

इस तरह रहेगा मार्ग परिवर्तन

– वाटर वर्क्स चौराहे से यमुना किनारे होते हुए श्मशान घाट चौराहे तक सभी प्रकार के भारी वाहन व हल्के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

– यमुना एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन जिनको फतेहाबाद रोड, ताजमहल, ग्वालियर जाना है, वह सभी वाहन इनर रिंग रोड से होते हुए फतेहाबाद रोड, ताजमहल, ग्वालियर के लिये जाएंगे।

– एत्माददुद्दौला की ओर से आंबेडकर पुल होकर कोई भी व्यवसायिक वाहन बेलनगंज या यमुना किनारे की ओर नहीं आ सकेगा।

– बेलनगंज, एसीपी छत्ता कार्यालय से यमुना किनारे सडक पर कोई भी व्यवसायिक छोटा-बड़ा वाहन नहीं जाएगा।

– बेलनगंज चौराहे से सभी प्रकार के व्यवसायिक वाहनों का आवागमन बेलनगंज चौराहे से एसीपी छत्ता कार्यालय कट के मध्य प्रतिबंधित रहेगा। यह सभी वाहन दरेसी मार्ग से होकर जाएंगे।

– बिजली घर चौराहे से कोई भी रोडवेज या टूरिस्ट तथा व्यवसायिक वाहन आगरा फोर्ट से हाथीघाट की तरफ नहीं जाएगा।

– विक्टोरिया पार्क से कोई भी बड़ा वाहन बस, ट्रैक्टर, मेटाडोर आदि यमुना किनारे नहीं जाएंगे।

– यमुना किनारे सड़क पर हाथीघाट पर दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के समय सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।

– हाथीघाट रेलवे पुल पर फोर्ट की तरफ बैरियर लगाकर प्रतिमाओं को लाने वाले वाहनों को ही प्रवेश दिया जायेगा। शेष वाहनों को श्मशान घाट की तरफ परिवर्तित मार्ग पर भेजा जाएगा।

– स्ट्रेची ब्रिज रेलवे पुल एत्मादद्दौला की तरफ से वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

– यमुना किनारे से डायवर्ट किए गए परिवहन विभाग की बसें आदि वाहन एमजी रोड, इनररिंग रोड से आ जा सकेंगे। भारी वाहन व हल्के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

– प्रतिबंधित क्षेत्र में आने वाले वाहनों का प्रवेश पूर्णतया कार्यक्रम समाप्ति तक प्रतिबंधित रहेगा।

एमजी रोड आएं तो यहां खड़ा करें वाहन

त्योहारों के सीजन को देखते हुए यातायात पुलिस ने एमजी रोड और शाहगंज बाजार में जाम से बचने के लिए एक विशेष कार्य योजना बनाई है। एमजी रोड के शोरूमों और शाहगंज बाजार आने वाले तीन व चार पहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। शाहगंज बाजार में मार्ग परिवर्तन की व्यवस्था भी की गई है। इस कार्य योजना के तहत यातायात पुलिस के 100 से अधिक कर्मियों की विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी लगाई गई है। एमजी रोड पर यातायात व्यवस्था पाकिंग- नगर निगम पार्किंग स्थल, सूरसदन प्रेक्षागृह पार्किंग स्थल और दीवानी चौराहे के पास खाली स्थान पर अस्थाई पार्किंग स्थल बनाया गया है।

यहां रहेंगी ड्यूटी

स्पीड कलर लैब तिराहा, श्रीराम अस्पताल तिराहा, सूरसदन तिराहा, नगर निगम कट, दीवानी गोल चक्कर चौराहा, शाह मार्केट पर सुबह आठ से रात 10 बजे तक दो शिफ्ट में यातायात पुलिस तैनात रहेगी।

शाहगंज बाजार के लिए यातायात व्यवस्था

– बारहखंबा रेलवे फाटक यहां से कोई भी तीन व चार पहिया वाहन रुई की मंडी चौराहे की ओर नहीं जाएगा।

– रुई की मंडी चौराहा यहां यातायात व्यवस्था का संचालन किया जाएगा।

– तहसील चौराहा तीन व चार पहिया वाहन पचकुइयां से कोठी मीना बाजार होते हुए गुजरेंगे।

– भोगीपुरा चौराहा कोई भी वाहन रुई की मंडी और संगीता सिनेमा रोड की ओर नहीं जाएगा।

– शाहगंज चौराहा यहाँ से रुई की मंडी और संगीता सिनेमा रोड की ओर वाहन जाने की अनुमति नहीं होगी।

– पचकुइयां चौराहा तीन व चार पहिया वाहन शाहगंज की ओर नहीं जाएंगे।- स्पीड कलर लैब चौराहा और सीओडी तिराहा यहाँ से भी शाहगंज और भोगीपुरा चौराहे की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों