विकास भवन में किसान गोष्ठी: डीएम–एसपी ने पराली प्रबंधन व आधुनिक खेती पर किया संवाद

0
IMG-20251119-WA0358

विकास भवन में किसान गोष्ठी: डीएम–एसपी ने पराली प्रबंधन व आधुनिक खेती पर किया संवाद

आनंद पब्लिक, महराजगंज

महराजगंज, 19 नवंबर 2025। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्री सोमेंद्र मीना की सहअध्यक्षता में आयोजित किसान गोष्ठी में किसानों के साथ सार्थक संवाद किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पराली प्रबंधन, आधुनिक कृषि तकनीक, विभागीय योजनाओं एवं श्रीअन्न के बढ़ते महत्व को लेकर किसानों को जागरूक करना था।

जिलाधिकारी ने पराली जलाने से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान और मिट्टी की उर्वरता पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बेलर मशीन, रोटावेटर और कंप्रेस कटर जैसे आधुनिक उपकरणों के उपयोग को पराली प्रबंधन का प्रभावी विकल्प बताया। साथ ही उन्होंने श्रीअन्न (मिलेट्स) के उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए किसानों को इससे जुड़ी विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।

पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने किसानों से पराली न जलाने की अपील की और चेतावनी दी कि पराली जलाने की स्थिति में पुलिस द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस किसानों से लगातार अपील कर रहे हैं कि पराली न जलाएं और सहयोग दें।

गोष्ठी में उर्वरक उपलब्धता पर भी चर्चा हुई। किसानों को भरोसा दिलाया गया कि जिले में उर्वरकों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की गई है और टोकन व्यवस्था से अराजक तत्वों पर रोक लगी है। किसानों से अनुरोध किया गया कि वे टोकन के साथ ही उर्वरक केंद्रों पर जाएं। इसी के साथ फॉर्मर रजिस्ट्री, कृषि यंत्रीकरण, फसल विविधीकरण, मुख्यमंत्री किसान सहायता योजना, पीएम फसल बीमा योजना और बाजार सुविधा सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।

संवाद के दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिन पर अधिकारियों ने गंभीरता से सुनवाई कर मौके पर ही संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

गोष्ठी के उपरांत जिलाधिकारी ने सेमरा राजा में बेलर द्वारा पराली के बंडल निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने किसान जनार्दन पटेल से इसकी प्रक्रिया, क्षमता और लागत के बारे में जानकारी ली और स्थानीय किसानों को इस आधुनिक तकनीक को अपनाने की सलाह दी। साथ ही उपनिदेशक कृषि को निर्देश दिया कि जनपद में सभी बेलरों को पूर्ण क्षमता के साथ क्रियाशील कराया जाए।

कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी श्री बी.एन. कन्नौजिया, एलडीएम श्री बी.एन. मिश्रा, एआर कोऑपरेटिव श्री सुनील गुप्ता, जिला कृषि अधिकारी श्री एस.पी. सिंह सहित कई संबंधित अधिकारी एवं प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *