तेनुअहिया प्रकरण में भाकियू का मोर्चा तेनुअहिया प्रकरण में भाकियू का मोर्चा, थाने पहुंचेगा प्रतिनिधिमंडल
तेनुअहिया प्रकरण में भाकियू का मोर्चा
तेनुअहिया प्रकरण में भाकियू का मोर्चा, थाने पहुंचेगा प्रतिनिधिमंडल
झोपड़ियां क्षतिग्रस्त करने, किसानों से मारपीट और किसान नेता को धमकी देने का आरोप; वीडियो साक्ष्य के साथ कार्रवाई की मांग
आनंद पब्लिक, महराजगंज
(लालजी यादव)
पनियरा, महराजगंज। तेनुअहिया प्रकरण को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने अब मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। किसान नेताओं का आरोप है कि 4 सितंबर को कुछ भूमाफिया के संरक्षण प्राप्त कथित गुर्गों ने झोपड़ियों को क्षतिग्रस्त किया, किसानों के साथ मारपीट की और किसान नेता राम आशीष के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। इतना ही नहीं, रास्ते में एक तथाकथित सोखा द्वारा वाहन का करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
प्रकरण को लेकर भाकियू का प्रतिनिधिमंडल 6 सितंबर को करीब 11 बजे थाना पनियरा पहुंचेगा। प्रतिनिधिमंडल थाना अध्यक्ष को पूरे मामले से अवगत कराते हुए वीडियो फुटेज समेत उपलब्ध साक्ष्य सौंपेगा और आरोपितों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन देगा।
भाकियू जिलाध्यक्ष राम आशीष ने कहा कि किसानों के साथ कथित मारपीट, धमकी और उनकी झोपड़ियों को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं को किसी भी कीमत पर नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। संगठन का कहना है कि यदि किसानों को दबाने या डराने का प्रयास किया गया है तो उसके खिलाफ कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से निर्णायक संघर्ष किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष राम आशीष, पनियरा ब्लॉक अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह, तेनुअहिया ग्राम सभा अध्यक्ष परशुराम यादव समेत भारतीय किसान यूनियन की पनियरा इकाई के पदाधिकारी शामिल रहेंगे।
अब निगाह पुलिस कार्रवाई पर है—वीडियो साक्ष्यों के बाद पुलिस आरोपों की जांच कर क्या कदम उठाती है, यह देखने वाली बात होगी।
