
पोषाहार की थाली में आंगनबाड़ियों का हुनर, 36 रेसिपी ने मचाई धूम; तहरी बनी नंबर-1
आनंद पब्लिक, महराजगंज
(लालजी यादव)
पनियरा, महराजगंज। पोषण को लेकर अक्सर कागजी दावों और आंकड़ों की चर्चा होती है, लेकिन पनियरा ब्लॉक में मंगलवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पोषाहार को स्वाद, हुनर और रचनात्मकता से जोड़कर उसकी असली तस्वीर सामने रख दी। बाल विकास परियोजना अधिकारी नीना गुप्ता के निर्देशन में आयोजित रेसिपी प्रतियोगिता में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने एक से बढ़कर एक पौष्टिक व्यंजन तैयार कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में 36 अलग-अलग रेसिपी पेश की गईं। किसी ने स्वाद का जादू दिखाया तो किसी ने पोषाहार को नए अंदाज में परोसा। तहरी ने बाजी मारते हुए प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया, जबकि पोषाहार से तैयार बर्फी ने अपनी अनूठी प्रस्तुति से सबका ध्यान खींचा और विशेष पुरस्कार हासिल किया।
कार्यक्रम केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहा। संभव अभियान के तहत गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित कर मातृ एवं शिशु पोषण का संदेश दिया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की और रंगोली के जरिए कार्यक्रम स्थल को आकर्षक रूप दिया।
कार्यक्रम में शीला देवी, सुशीला देवी, राधा, रेखा देवी, अंजू देवी, सुमन देवी और सुनीता देवी समेत अन्य कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। कार्यक्रम ने साफ संदेश दिया कि पोषण सिर्फ फाइलों और बैठकों का विषय नहीं, बल्कि रसोई से लेकर बच्चे की थाली तक पहुंचने वाला अभियान है।
