राहुल गांधी का बयान- महिला आरक्षण बिल जल्द लागू करे सरकार ध्यान न भटकाए, जातिगत जनगणना और परिसीमन की शर्तें हटाई जाएं, OBC समुदाय को भी शामिल करें

रिपोर्ट न्यूज नेटवर्क

राहुल गांधी का बयान- महिला आरक्षण बिल जल्द लागू करे सरकार ध्यान न भटकाए, जातिगत जनगणना और परिसीमन की शर्तें हटाई जाएं, OBC समुदाय को भी शामिल करें.

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने महिला आरक्षण बिल लागू किए जाने को लेकर केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं। राहुल ने आज कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से बातचीत में कहा- केंद्र सरकार महिला आरक्षण बिल अभी से क्यों नहीं लागू करती। इसमें जनगणना और परिसीमन जैसे नियम क्यों जोडे़ गए।

राहुल ने कहा- महिला आरक्षण अच्छा कदम है, लेकिन इसमें 2 शर्तें लगाई गई हैं। इसे लागू करने से पहले जनगणना और परिसीमन कराना होगा। इन्हें करने में बहुत साल लगेंगे। महिला आरक्षण को आज से ही लागू किया जा सकता है। भाजपा को इन दोनों शर्तों को हटाकर आरक्षण को तुरंत लागू करना चाहिए। राहुल ने कहा- ये कोई जटिल मामला नहीं है, लेकिन सरकार यह नहीं करना चाहती। ये आज से 10 साल बाद लागू होगा। यह भी नहीं मालूम कि होगा या नहीं होगा। PM मोदी रोज OBC के बारे में बात करते हैं लेकिन OBC को महिला आरक्षण में शामिल क्यों नहीं किया? कांग्रेस सत्ता में आने के बाद जातिगत जनगणना कराएगी। तब पता चलेगा कि देश में कितने OBC, दलित और आदिवासी हैं।

राहुल ने कहा- महिला आरक्षण एक डाइवर्जन टैक्टिक है। इसके जरिए OBC जनगणना से लोगों का ध्यान भटकाया जा रहा है। मुझे पता लगाना है कि OBC हिंदुस्तान में कितने हैं। जितने भी हैं, उन्हें भागीदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की- जातिगत जनगणना का हमने जो डेटा निकाला था उसे पब्लिक कर दें। इससे पता लग जाएगा कि OBC कितने हैं। इसके बाद नई जाति आधारित जनगणना करानी चाहिए।राहुल ने अफसोस जताया कि 2010 में UPA सरकार महिला आरक्षण के लिए जो बिल लाई थी, उसमें ओबीसी कोटा नहीं था। उन्होंने कहा कि ये तब हो जाना चाहिए था।