बरेली ब्लास्ट में सातवीं मौत: दिल्ली में फातिमा की मौत, पटाखा कारोबारी दामाद को पनाह देने में उजड़ गया पूरा परिवार

बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र के गांव कल्याणपुर में हुए विस्फोट में सातवीं मौत फातिमा की हुई है। उसने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। उसकी जेठानी, देवरानी और भाभी समेत परिवार की पांच महिलाओं की इस हादसे में मौत हो चुकी है।

दो अक्तूबर को गांव निवासी रहमान शाह के घर आतिशबाजी बनाने का काम चोरी छिपे किया जा रहा था। शाम को वहां जोरदार धमाका हो गया था। इससे रहमान शाह के घर समेत पांच घर जमींदोज हो गए थे।

रहमान शाह के बेटे वाहिद की पत्नी तबस्सुम व तबस्सुम के दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई थी। पड़ोसी रुखसार की पत्नी रुखसाना भी मलबे में दबकर मर गई थीं। दो महिलाओं के शवों की पहचान सिरौली निवासी सितारा व नीना उर्फ निकहत के रूप में अस्पताल में हुई थी।

ग्राम प्रधान ने दी पुलिस को सूचना 

इनमें सितारा रहमान शाह की बेटी फातिमा की जेठानी व निकहत देवरानी थीं। फातिमा गंभीर रूप से घायल हुई थीं। फातिमा को जिला अस्पताल से गंभीर हालत में पहले लखनऊ पीजीआई व बाद में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविवार को फातिमा ने भी दम तोड़ दिया। ग्राम प्रधान राशे खां के जरिये इसकी जानकारी सिरौली थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह को भी मिली।

सदमे से नहीं उबर पा रहा रहमान का परिवार

रहमान शाह के पास मामूली जमीन है। दामाद नासिर के परिवार को पनाह देने के चक्कर में इस परिवार को बड़ा झटका लगा है। रहमान शाह का घर नष्ट हो गया। रहमान की पुत्रवधू, दो पोते और बेटी की मौत हो गई। बेटी की देवरानी-जेठानी भी मर गईं। रहमान खुद व उसके दामाद जेल पहुंच गए। 25 हजार के इनामी बेटे वाहिद को पुलिस तलाश रही है।

पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार 

कल्याणपुर गांव में धमाके के चार आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए। इनके समेत पांच आरोपियों पर एसएसपी ने शनिवार रात 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पकड़े गए आरोपियों के पास से एक बोरा पटाखे भी बरामद किए हैं। आरोपी वाहिद अब भी फरार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों