UP NEWS: काशी से गोरखनाथ के लिए चलेंगी ई-बसें; देखें कब होंगी स्टार्ट
महादेव की नगरी काशी से गोरक्षनगरी तक का सफर अब आसान होगा। परिवहन निगम की ओर से अब वाराणसी से गोरखपुर के लिए भी इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी।
अब गोरखपुर से अयोध्या और वाराणसी के लिए इलेक्ट्रिक बसें भी चलेंगी। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक द्वारा 20 इलेक्ट्रिक बसों के भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। दिसंबर के पहले सप्ताह में इन बसों के जनपद में आने की उम्मीद जताई जा रही है। परिवहन निगम के अधिकारियों ने बताया कि बसों को नौ रूटों पर चलाया जाएगा। सभी इलेक्ट्रिक बसें गोरखपुर से ही चलेंगी। अभी तक परिवहन की साधारण बसों से लोग अयोध्या, वाराणसी आदि जगहों की यात्रा करते थे। इन बसों के आ जाने से लोगों के पास एसी इलेक्ट्रिक बसों का विकल्प भी मिल जाएगा। यह बसें लोगों का सोनौली, आजमगढ़, गाजीपुर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, पडरौना, तमकुही रोड, देवरिया व भागलपुर से जोड़ेंगी। इलेक्ट्रिक बसें दिसंबर से सड़कों पर फर्राटा भरने लगेंगी।
राजघाट क्षेत्र में रात 10 से सुबह 8 बजे तक चलेंगी बसें
राजघाट क्षेत्र में पितृपक्ष के महीने तक बसों का संचालन रात 10 बजे से सुबह 8 बजे तक हो सकेगा। पुलिस कमिश्नर ने बृहस्पतिवार को ये निर्देश दिए। हालांकि वाहन सड़क पर नहीं खड़े होंगे। दरअसल राजघाट क्षेत्र में बस पर रोक से यात्रियों के न आने से व्यापारी चिंतित थे। उन्होंने अपनी समस्या विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी को बताई।
विधायक से बातचीत के बाद पुलिस कमिश्नर ने आदेश दिया कि रात्रि 10 बजे से सुबह 8 बजे तक बसों का संचालन किया जाएगा। काशी विश्वनाथ मंदिर जाने हेतु भी यात्री राजघाट-प्रह्लादघाट मार्ग का उपयोग करते हैं। इस वजह होटल, पेइंग गेस्ट हाउस, होम स्टे, रेस्टोरेंट जैसे व्यापार काफी बढ़ चुका है। मुलाकात करने वालों में नलिन नयन मिश्र, लकी भारद्वाज, बालाजी राय, दिलीप कुशवाहा, अजय साहनी, दुर्गा साहनी रहे।