Delhi Weather Forecast: थमी तेज हवा, अब बढ़ेगा तापमान… सप्ताहांत तक दिखेगा असर; जानें पूर्वानुमान

दिल्ली-एनसीआर में दो दिनों से चल रही तेज सतही हवाएं अब बंद हो गई हैं। इस कारण अब तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। वीकेंड तक अधिकतम तापमान 31 डिग्री के पार जाने की संभावना है। जबकि अगले सप्ताह के मध्य तक अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16-18 डिग्री के बीच पहुंच जाएगा। यह इस सीजन का सबसे अधिकतम तापमान हो जाएगा।
दिल्ली में बीते दिनों हुई हल्की बारिश व तेज हवाएं चलने से मौसम काफी सुहावना बना हुआ है। सुबह व शाम की सर्दी का अहसास हो रहा है। तापमान में भी ज्यादा बढ़ोतरी देखने को नहीं मिली। बीते एक हफ्ते में केवल तीन मार्च को ही तापमान 30 डिग्री के पार गया था। वहीं बृहस्पतिवार दोपहर तक तेज हवाएं चलीं जिससे तापमान कुछ ज्यादा नहीं बढ़ा। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 28.4 और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।