दिल्ली में रिकॉर्डतोड़ गर्मी: 27 फरवरी की सुबह रही 74 साल में सबसे गर्म, देखें अब तक का ऑलटाइम रिकॉर्ड

गुरुवार सुबह गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। 74 साल में फरवरी महीने का न्यूनतम तापमान सबसे ज्यादा दर्ज किया गया। 1951-2025 तक की समयावधि पर गौर करें तो आज का न्यूनतम तापमान सबसे अधिक 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से सात डिग्री अधिक है। यह अब तक का सर्वाधिक तापमान है। जबकि फरवरी समाप्त होने में अभी एक दिन बाकी है। वहीं, बारिश होने से अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं मौसम विभाग ने बताया कि 1951 से पहले का डेटा उपलब्ध नहीं है।
गुरुवार को फरवरी की सुबह सबसे अधिक गर्म रही। इस दौरान न्यूनतम तापमान सबसे अधिक रहा। फरवरी में अमूमन अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है।
लेकिन बीते कई दिनों से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री को पार करते हुए 32.4 और न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।