मुंगेर में शरारती तत्वों ने चैती दुर्गा मंदिर में मां दुर्गा की प्रतिमाओं को तोड़ा
मुंगेर के नया रामनगर थाना क्षेत्र के महमदा गांव स्थित चैती दुर्गा मंदिर में बुधवार देर रात शरारती तत्वों ने मां दुर्गा की प्रतिमाओं को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ सुबह मंदिर प्रांगण में एकत्र हो गई। देखा गया कि निर्माणाधीन मां दुर्गा की प्रतिमाओं को तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया है। इस घटना से ग्रामीण उग्र हो गए और पाटम मुख्य पथ पर प्रदर्शन करने लगे।
सूचना मिलते ही नया रामनगर थाना अध्यक्ष विनोद कुमार झा दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में 1946 से चैती दुर्गा मां की प्रतिमा बनाई जाती है। बुधवार को मूर्तिकार प्रतिमा का ढांचा तैयार कर रहा था, लेकिन रात में शरारती तत्वों ने मूर्ति को तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने थानाध्यक्ष से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। घटना की जानकारी सदर एसडीओ और एसडीपीओ को दी गई। सदर एसडीपीओ राजेश कुमार के निर्देश पर जिले के रामनगर बरियारपुर समेत आसपास के कई थानों की पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में लगी हुई है। ग्रामीणों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए वरीय पदाधिकारियों ने भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया है।