संविधान की अवहेलना के आरोप: जयराम ठाकुर का कांग्रेस पर तीखा प्रहार
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग मंडल के परवाड़ा में आयोजित ‘संविधान गौरव अभियान’ को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा गांधी-नेहरू परिवार के हितों की रक्षा के लिए संविधान की अवहेलना की है।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को अदालत के समक्ष पेश होने से बचाने के लिए कांग्रेस ने संविधान में संशोधन कर दिया था। अपने कार्यकाल के दौरान कांग्रेस ने 75 से अधिक बार संविधान में बदलाव किए, जिससे वह सत्ता में बने रहने के लिए सुविधाजनक परिस्थितियां बना सके।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और गांधी-नेहरू परिवार ने हमेशा खुद को संविधान से ऊपर रखा। जब भी उनकी जरूरत पड़ी, उन्होंने अपने हितों के अनुसार संविधान में संशोधन किया। इतना ही नहीं, कांग्रेस ने संविधान की उद्देश्यिका (Preamble) में भी बदलाव किया, जिसे बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने संविधान की आत्मा कहा था।
उन्होंने कांग्रेस पर यह भी आरोप लगाया कि उसने ‘कांस्टीट्यूशन ऑफ इंडिया’ को ‘कांस्टीट्यूशन ऑफ इंदिरा’ बना दिया था। कांग्रेस सरकारों ने अपने कार्यकाल में 90 बार अनुच्छेद 356 का इस्तेमाल कर विपक्षी सरकारों को बर्खास्त किया।
जयराम ठाकुर ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के साथ किए गए कथित अन्याय का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा बाबा साहब का अपमान किया और उन्हें चुनाव जितने से रोकने का प्रयास किया। पंडित जवाहरलाल नेहरू की सरकार ने बाबा साहब के 74,333 वोट निरस्त करवा दिए थे।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने अपने परिवार के सदस्यों को सत्ता में रहते हुए भारत रत्न दिया, लेकिन बाबा साहब को उनके योगदान के बावजूद अपने शासनकाल में यह सम्मान नहीं दिया। कांग्रेस ने इतिहास में बाबा साहब के साथ किए अन्याय और साजिशों को छिपाने की कोशिश की।
उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे कांग्रेस के संविधान विरोधी इतिहास को समझें और इसे उजागर करें।