हिमाचल में छह जिलों में चार दिन शीतलहर का अलर्ट, मौसम पूर्वानुमान जानें

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने हिमाचल प्रदेश के छह जिलों के कुछ हिस्सों में 24 दिसंबर तक शीतलहर का ऑरेंज-येलो अलर्ट जारी किया है। अगले सात दिनों में प्रदेश के निचले पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर जारी रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान ऊना, सुंदरनगर, हमीरपुर, मंडी और चंबा में शीतलहर का प्रभाव देखा गया। शिमला मौसम विज्ञान केंद्र ने विशेष रूप से बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों के कुछ हिस्सों में शीतलहर के कारण सतर्कता बढ़ाई है, और इन क्षेत्रों में 24 दिसंबर तक शीतलहर के जारी रहने का अनुमान जताया है।मौसम विभाग ने यह भी बताया कि अगले तीन दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड में और वृद्धि हो सकती है। हालांकि, इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है, और मौसम सामान्य रहेगा। शीतलहर के कारण ठंड से बचाव के लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां शीतलहर की चेतावनी दी गई है।
इस बीच, 22 दिसंबर से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जो 27 दिसंबर को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और आसपास के मैदानी इलाकों में असर दिखा सकता है। इस विक्षोभ के प्रभाव से चंबा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 23 और 26 दिसंबर को प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है, जबकि अन्य हिस्सों में 26 दिसंबर तक मौसम साफ रहने की संभावना है प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। शिमला में 2.5 डिग्री, सुंदरनगर में 1.6 डिग्री, भुंतर में -1.0 डिग्री, कल्पा में -3.5 डिग्री, धर्मशाला में 5.5 डिग्री, ऊना में 0.7 डिग्री और पालमपुर में 2.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, मनाली में -1.1 डिग्री, कांगड़ा में 4.4 डिग्री, मंडी में 3.2 डिग्री और चंबा में 2.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा, कुकुमसेरी, समदो और ताबो जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान -6.6 डिग्री, -6.4 डिग्री और -11.3 डिग्री तक गिर चुका है। इन क्षेत्रों में और भी ठंड बढ़ने की संभावना है।