कांग्रेस को अंबाला में बड़ा झटका: भूपेंद्र हुड्डा की रैली के बाद 2 पार्षदों ने थामा बीजेपी का हाथ!

अंबाला शहर में भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उदयभान की रैली के बाद कांग्रेस पार्टी को एक बड़ा झटका लगा, जब कांग्रेस के दो पार्षद मुख्यमंत्री नायब सैनी और असीम गोयल की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हो गए।
बता दें कि वार्ड-एक के पार्षद जसबीर सिंह और वार्ड-19 के पार्षद राकेश सिंगला ने कांग्रेस का हाथ छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा में शामिल होने पर दोनों पार्षदों का स्वागत असीम गोयल और जिलाध्यक्ष मनदीपराणा ने पार्टी का पटका पहनाकर किया। भाजपा प्रत्याशी असीम गोयल ने कहा कि नरेंद्र मोदी की नीतियों और मुख्यमंत्री नायब सैनी की कार्यशैली से प्रभावित होकर दोनों पार्षद आज भाजपा परिवार में शामिल हुए हैं, जिससे भाजपा को और मजबूती मिली है।
भाजपा में शामिल होने के बाद पार्षद जसबीर सिंह ने बताया कि वह अब भाजपा के लिए दिन-रात एक करके काम करेंगे और अम्बाला शहर में तीसरी बार भाजपा की जीत सुनिश्चित करेंगे। वहीं, पार्षद राकेश सिंगला ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी में असहज महसूस कर रहे थे और उन्हें सोमवार को शहर में हुई कांग्रेस पार्टी की रैली के लिए भी न्योता नहीं दिया गया।