नोएडा-ग्रेटर नोएडा में सर्किल रेट बढ़ेगा! घर खरीदारों की बढ़ेगी मुश्किल?
1 अप्रैल से लागू होंगे नए सर्किल रेट
गौतमबुद्ध नगर में 1 अप्रैल, 2025 से नई सर्किल दरों पर प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री शुरू होने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, सर्किल रेट में 30% से 70% तक की बढ़ोतरी हो सकती है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में आवासीय सर्किल दरों में 30% तक की वृद्धि संभव है, जबकि जेवर क्षेत्र में कृषि भूमि के लिए सर्किल दरें 70% तक बढ़ाई जा सकती हैं। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि सभी औपचारिक प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद ही नई दरों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
घर खरीदारों पर बढ़ेगा वित्तीय बोझ
सर्किल रेट में बढ़ोतरी की खबर ने उन घर खरीदारों को चिंता में डाल दिया है, जो पहले से ही वर्षों से अपने घरों का इंतजार कर रहे हैं। जेआईएल रियल एस्टेट अलॉटीज वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष आशीष मोहन गुप्ता ने कहा, “हम 12 सालों से अपने घरों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अब सर्किल रेट बढ़ने से वित्तीय बोझ और बढ़ जाएगा। सरकार को नीति बनानी चाहिए कि जिस साल प्रॉपर्टी खरीदी गई, उसी साल का सर्किल रेट लागू हो। साथ ही, अटकी परियोजनाओं के घर खरीदारों को स्टांप शुल्क में कुछ राहत मिलनी चाहिए।”
बाजार दर के बराबर होगा सर्किल रेट
नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों के अनुसार, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में संपत्तियों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रभाव से जेवर में अचल संपत्ति के दाम आसमान छू रहे हैं। इस वजह से सर्किल रेट को बाजार दर के करीब लाने की योजना है।
नई सर्किल दरें तय करने से पहले इन्हें सार्वजनिक राय के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। जनता को 15 दिनों का समय मिलेगा, जिसमें वे अपनी प्रतिक्रिया दे सकते हैं। इसके बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।