Delhi: अधूरे काम के बीच ही खुल गए आनंद विहार और पंजाबी बाग फ्लाईओवर, दौड़ने लगे वाहन

दिल्ली को जाम से राहत दिलाने के लिए दो बड़ी परियोजनाओं आनंद विहार और पंजाबी बाग फ्लाईओवर का उद्घाटन विधानसभा चुनावों से पहले कर दिया था। इन पर ट्रैफिक चल रहा है। लेकिन यह परियोजनाओं अभी भी आधी अधूरी हैं। मार्ग में पेड़ होने के कारण इनका काम 100 फीसदी पूरा नहीं हो सका है। स्थिति यह है कि दो माह बीत जाने के बाद भी पेड़ों को हटाने या काटने से संबंधित अनुमति अभी तक नहीं मिल पाई है। अब भाजपा की सरकार इस अड़चन को जल्द दूर करने की बात कह रही है।
आनंद विहार-अप्सरा बाॅर्डर एलिवेटेड कॉरिडोर…
आनंद विहार-अप्सरा बाॅर्डर एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन विधानसभा चुनाव से पहले कर दिया गया था। यहां पर ट्रैफिक चल रहा है। लेकिन परियोजना में पेड़ रोड़ा बने हुए हैं। इससे अंतिम बचा हुआ कार्य पूरा नहीं किया जा सका है। यहां 66 पेड़ों को हटाने की जरूरत है। इनमें दो पेड़ कॉरिडोर के बीच में हैं। काॅरिडोर पर आनंद विहार की तरफ से जाने पर एक रैंप भी बनाया जा रहा है, लेकिन पेड़ों के कारण यह रैंप पूरा नहीं हो पाया है। अधिकारियों का कहना है कि पेड़ काटने की अनुमति मिलने के बाद ही रैंप बनेगा। साथ ही, जो दो पेड़ कॉरिडार के बीच में आ रहे हैं। अनुमति मिलते ही पेड़ को हटा दिया जाएगा।