साहित्य अकादमी साहित्योत्सव का आगाज, 700 से अधिक लेखक होंगे शामिल
Mansi Mishra March 6, 2025नई दिल्ली: साहित्य अकादमी का साहित्योत्सव 2024 शुक्रवार से रवींद्र भवन परिसर में शुरू हो रहा है। यह महाकुंभ 12 मार्च तक चलेगा, जिसमें 50 से अधिक भाषाओं का प्रतिनिधित्व होगा। इस बार का आयोजन एशिया का सबसे बड़ा साहित्य उत्सव माना जा रहा है, जिसमें 700 से अधिक प्रतिष्ठित लेखक और साहित्यकार हिस्सा लेंगे।
इस भव्य आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत करेंगे। छह दिवसीय इस साहित्यिक मेले में 100 से अधिक सत्र होंगे, जिनमें साहित्यिक चर्चाओं के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी शामिल होंगे।
साहित्य अकादमी पुरस्कार समारोह मुख्य आकर्षण
इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण साहित्य अकादमी पुरस्कार अर्पण उत्सव होगा। इसमें 2024 के साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। यह समारोह 9 मार्च को कमानी सभागार, मंडी हाउस में आयोजित किया जाएगा, जहां देशभर के साहित्यकार एकत्रित होंगे।
भारतीय साहित्य पर होगी चर्चा
इस बार की राष्ट्रीय संगोष्ठी का विषय “भारतीय साहित्यिक परंपराएं: विरासत और विकास” रखा गया है। इस सत्र में भारतीय साहित्य की विविधता, समकालीन चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर गहन मंथन किया जाएगा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी रहेंगी खास
साहित्यिक चर्चाओं के साथ-साथ कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी इस महाकुंभ का हिस्सा होंगे। इनमें राकेश चौरसिया का बांसुरी वादन, फौजिया दास्तानगो द्वारा दास्तान-ए-महाभारत और नलिनी जोशी का हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायन प्रमुख आकर्षण होंगे।
बहुभाषी कहानी-पाठ और लेखक सम्मेलन
रवींद्र भवन परिसर में भारतीय नदियों के नाम पर बने सभागारों में बहुभाषी कहानी-पाठ, पूर्वोत्तर लेखक सम्मेलन और अन्य साहित्यिक चर्चाएं आयोजित की जाएंगी।
साहित्य प्रेमियों के लिए यह एक अनूठा अवसर है, जहां वे साहित्य की नई धारा से रूबरू हो सकते हैं और प्रतिष्ठित साहित्यकारों से संवाद कर सकते हैं.