दुष्कर्म के आरोपी की पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी, मेडिकल कॉलेज से भागने के प्रयास में पैर में लगी गोली

यूपी के देवरिया शहर के एक मोहल्ले में सात वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म का आरोपी रविवार की रात मेडिकल कॉलेज से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आधी रात को सोनूघाट के पास पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने अपने को बचाते हुए जवाबी कार्रवाई करते हुए पैर में गोली मार उसे गिरफ्तार कर लिया।
रविवार को शहर के एक मोहल्ले की रहने वाली सात वर्षीय बालिका के साथ सुबह 9 बजे दुकानदार ने बिस्कुट देने के बहाने दुष्कर्म किया था। लोगों के सहयोग से आरोपी को पुलिस ने रविवार को ही गिरफ्तार कर लिया था। देर रात तबीयत खराब होने पर पुलिस मेडिकल कॉलेज लेकर गई|
एसपी संकल्प शर्मा ने तीन टीमों का गठन किया, आधी रात को आरोपी सोनूघाट चौराहे पर मिल गया। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो वह पुलिस टीम पर फायर झोंक कर भागने लगा। पुलिस ने भी बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई कर फायरिंग की, जिससे उसके पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस जुटा रही है जानकारी
मेडिकल कॉलेज से भागने के बाद आरोपित किस व्यक्ति से मिला और असलहा कहां से पाया, इसकी जांच कर रही है।
सुरक्षा पर भी उठे सवाल
दुष्कर्म के आरोपित सफी उल्लाह को बीमार होने पर पुलिस मेडिकल कॉलेज ले आई। आखिर उसकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी क्या कर रहे थे, जब वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। हाई प्रोफाइल मामले में सुरक्षा कर्मियों की लापरवाही भी सामने आई है जिसका नतीजा है कि दुष्कर्म का आरोपित फरार हो गया था।