सवाई माधोपुर में खौफनाक घटना: कुएं में महिला और दो बच्चों के शव मिले

 

सवाई माधोपुर जिले के रवांजना डूंगर थाना इलाके में एक खौफनाक घटना सामने आई है। लहसोड़ा गांव के पास एक कुएं में एक महिला और उसके दो बच्चों के शव मिले हैं। दोनों बच्चे मां के साथ उसके पेट से लूगड़ी (ओढ़नी) से बंधे हुए थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है। शव तीन-चार दिन पुराने थे।

 

गुमशुदगी की रिपोर्ट

मृतक महिला अनिशा योगी (30) और उसके दो बेटे हिमांशु योगी (6) तथा दशरथ योगी (4) की गुमशुदगी की रिपोर्ट 25 जनवरी को महिला के ससुर ने दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी की रात को अनिशा घर से कहीं चली गई थी। पुलिस ने खोजबीन के बाद 29 जनवरी को तीनों के शव गांव के पास स्थित उनके खेत में बने कुएं में पाए।

 

पुलिस की जांच

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। जांच में सामने आया है कि महिला ने दोनों बच्चों को ओढ़नी से अपने पेट से बांधकर सेल्फी ली थी और उसे अपने पति को भेजी थी। महिला का पति रेलवे में नौकरी करता है।

 

कारणों का खुलासा नहीं

महिला के पीहर पक्ष ने इस संबंध में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। संभवतया पति-पत्नी में अनबन या पारिवारिक विवाद के चलते यह घटना हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *